बागपत। गांगनौली में दो पुलिसकर्मियों सहित पांच की हत्या के मामले में बृहस्पतिवार को न्यायालय में मुख्य गवाह पंकज की गवाही हुई। हालांकि गवाही पूरी नहीं हो सकी है, अगली गवाही 12 अप्रैल को होगी।
गांगनौली गांव में 10 अक्तूबर 2016 को सविता, उसके पिता मांगेराम, बेटी प्रीति समेत दो पुलिसकर्मियों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में मृतक सविता के बेटे पंकज ने धनौरा की प्रधान के पति सहदेव, सोनीपत निवासी हरीश व पंकज मान एवं बूढ़पुर निवासी रविंद्र के खिलाफ दोघट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोपी सहदेव जमानत पर बाहर आया हुआ है। यह मामला बागपत न्यायालय में विचाराधीन है। बृहस्पतिवार को इस मामले में मुख्य गवाह पंकज की गवाही पुलिस सुरक्षा बंदोबस्तों के बीच हुई। गवाही पूरी नहीं हो सकी। गवाही के लिए 12 अप्रैल को तिथि निर्धारित की गई है।
पुलिस घेरे में हप्पू पेशी पर आया
बागपत। एक लाख के ईनामी रहे अजीत उर्फ हप्पू को पुलिस घेरे में मेरठ जेल से बागपत न्यायालय में पेशी पर लाया गया। पेशी के दौरान कोर्ट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हुए थे। पेशी के बाद हप्पू को मेरठ पुलिस वापस ले गई।