बड़ौत (बागपत) ।
जनपद की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर से मिले और उन्हें समस्याओं से रूबरू कराया। दूसरी तरफ राज बब्बर ने पार्टी को मजबूत बनाने के लिए पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष चौधरी राम कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता सोमवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर से मिले। जिलाध्यक्ष ने बताया कि जनपद के किसान वर्षों से बकाया गन्ना भुगतान की समस्या से जूझ रहे हैं, उन्हें न तो बिजली मिल पा रही है और न ही नहरों मेें पानी है। शिक्षित युवा बेरोजगार इधर-उधर घूम रहे हैं। किसान व मजदूर सहित व्यापारी परेशान हैं। इस अवसर पर राज बब्बर ने पार्टी को मजबूत बनाने के लिए पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया और आश्वासन दिया कि वे सभी समस्याओं के निस्तारण के लिए डीएम से बातचीत करेंगे। इसमें शहर अध्यक्ष राकेश शर्मा, देवेंद्र चौहान, उर्मिला सिंह, कृष्ण हरि, अनिल देव त्यागी, नईमा खान आदि रहे।