रमाला (बागपत)। स्वच्छता और विकास के लिए कराए गए कार्यों के कारण ग्राम प्रधानों को भी सम्मानित किया गया। केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह के पैतृक गांव बसौली की प्रधान रीना की तबीयत खराब होने के कारण उनके पति सम्मान पत्र लेने पहुंचे, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें मंच पर नहीं चढ़ने दिया।
जैसे ही प्रधानों के नाम के सम्मान की घोषणा होने लगी तो मंच के पीछे से सुरक्षा के बीच प्रधान बुलाए गए। बासौली गांव की प्रधान रीना के पति कुलदीप भी पहुंच गए, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने प्रधान को ही बुलाने की मांग रखी। प्रधान के पति का कहना था कि वह बीमार हैं। सुरक्षाकर्मी नहीं मानें और कुलदीप को वापस लौटना पड़ा। गौरतलब है कि बासौली गांव केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह का पैतृक गांव है। कुलदीप सिंह ने कहा कार्यक्रम के बाद डीपीआरओ ऑफिस से फोन आया है और सोमवार को अपना सम्मान लेने की बात कही है। मंच से कमाला की प्रधान आशा, ग्वालीखेड़ा प्रधान दीपक, भैड़ापुर प्रधान ललित कुमार, बड़ा गांव प्रधान रीना को सम्मानित किया।