बागपत। रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा देश में सांप्रदायिकता का जहर घोलने वाली ताकतों को रोकने के लिए विपक्ष के साथ है। भाजपा के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। विपक्ष में कौन-कौन दल होंगे, यह समय तय करेगा। कुछ दूसरे दलों की मजबूरियां हो सकती है, लेकिन रालोद की कोई मजबूरी नहीं है। जीडीपी में गिरावट से सरकार की पोल खुल गई। असल मुद्दों से देश की जनता को ध्यान भटकाया जा रहा है।
सोमवार को अग्रवाल धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए रालोद नेता जयंत चौधरी ने सूबे की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया। सीएम योगी आदित्य नाथ को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा चुनाव से पहले वह जिन लोगों के यूपी छोड़ देने की बात कह रहे थे, अब वही लोग कैबिनेट में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर्फ हर काम का श्रेय लेते हैं, लेकिन रेल दुर्घटना के बाद रेल मंत्री बदलकर लोगों का ध्यान हटा दिया जाता है। क्या रेल मंत्री बदलने से सरकार की विफलता कम हो जाएगी। स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू क्यों नहीं की गई। किसानों का भुगतान नहीं हुआ, फसलों के दाम नहीं बढ़े, युवाओं को रोजगार नहीं मिला, भ्रष्ट लोग जेल नहीं गए। लोगों का ध्यान मुद्दों से हटाकर सरकार चल रही है। चीन और पाकिस्तान भारत की सेना से डरते हैं, इसका सरकार का कोई श्रेय नहीं जाता है। लेकिन सरकार इसका श्रेय भी लूटना चाह रही है।