जिले मेें लागू होगी खेत तालाब योजना: सीडीओ
बागपत। सीडीओ चांदनी सिंह ने कहा कि भूमि संरक्षण का मुख्य कार्य समस्याग्रस्त भूमि का उपचार कर खेती योग्य बनाना है। जमीन को खेती लायक तैयार कराया जाए। जिले में खेत तालाब योजना को लागू किया गया है।
सीडीओ ने विकास भवन सभागार में जिला भूमि एवं जल संरक्षण की बैठक की अध्यक्षता की। जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति की बैठक की परिपालन आख्या की पुष्टि की गई। मनरेगा योजना से वर्ष 2017-18 में जल निकास नाला एवं तालाब जीर्णोद्धार एवं भूमि सुधार कार्य कराया जाना प्रस्तावित है इस कार्य के लिए करीब 107 हेक्टेयर के उपचार के लिए चयनित किया गया। इसकी अनुमानित लागत करीब साढे़ दस लाख है।
वर्षा जल संचयन के लिए खेत तालाब योजना के अंतर्गत जनपद में 12 नए तालाबों का निर्माण किया जाना है। योजना के तहत 50 प्रतिशत परियोजना का अंश एवं 50 प्रतिशत किसान की ओर से वहन किया जाएगा। राष्ट्रीय सतत कृृषि मिशन योजना के तहत कलस्टर गौना विकास खंड खेकड़ा में 127 हेक्टेयर क्षेत्र एवं 58 लाख रुपये की कार्य योजना प्रस्तुत की गई। खेकड़ा विकास खंड परियोजना के लिए चयन किया गया है। इसमें कृृषि वानिकी, फसल प्रदर्शन एवं फसल उत्पादन आदि का कार्य कराया जाएगा। खेतों में सिचाई जल की कम आवश्यकता होगी और वर्षा के समय होने वाले कटाव रोके जा सकेंगे। ब्लाक प्रमुख, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, उप कृृषि निदेशक, उप कृृषि निदेशक मौजूद रहे।
-----------------
सांसद के गांव पलड़ी का होगा विकास
बागपत। डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने कहा कि सांसद आदर्श ग्राम योजना में चयनित ग्राम पलडी में समस्त कार्य जो अधूरे हैं, उन्हें जल्द ही पूरा कराया जाना चाहिए। सांसद आदर्श ग्राम में कोई भी विकास कार्य अधूरा नही रहना चाहिए और समस्त कार्य प्राथमिकता पर पूर्ण कर उन्हें अवगत कराया जायें। सांसद आदर्श ग्राम योजना में चयनित ग्राम पलडी की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। जिलाधिकारी के निर्देश पर आदर्श ग्राम पलडी में पंचायत चौपाल का कार्य पूर्ण करा दिया गया है। आंगनबाड़ी केंद्र के जीर्णोद्धार का कार्य जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं एलडीएम द्धारा पूर्ण कराया जाना है। पलडी में सड़क किनारे तालाब का जीर्णोद्धार का कार्य भी पूर्ण कराया जाना है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि एक सप्ताह के अंदर सिल्ट सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया जाए। इससे तालाब का पानी रिचार्ज हो सकें और पानी का स्तर बढ सकें।