संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम अंतर्गत शुक्रवार को 59 जोड़े शादी के बंधन में बंध गए। जहां पंडितों ने हिंदू जोड़ों का मंत्रोच्चार से विवाह कराया। वहीं, मौलवियों ने मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया। नवविवाहित जोड़ों को अधिकारियों ने उपहार भेंट किए।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग को जिले में 175 जोड़ों की शादी कराने का लक्ष्य दिया गया था। जिसमें 10 जून को कलक्ट्रेट के लोकमंच पर 116 जोड़ों की शादी कराई गई। इसके बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां पंजीकृत 59 जोड़े शादी के लिए पहुंचे। जिसमें 41 हिंदू जोड़ों व 18 मुस्लिम जोड़ों की शादी कराई गई। मुख्य अतिथि सीडीओ रंजीत सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को उपहार भेंट किए और 35-35 हजार रुपये नवविवाहित बेटियों के खातों में ट्रांसफर किए गए। इस दौरान समाज कल्याण अधिकारी तुलिका शर्मा, डीआईओएस रवींद्र सिंह, बीडीओ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।