ककडीपुर गांव के स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण करते स्वास्थ्यकर्मी। स्रोत:स्वास्थ्यकर्मी
- जिलेभर के स्वास्थ्य केंद्रों पर लगाए गए टीके, बच्चों को जर्सी भी वितरित की
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिलेभर के स्वास्थ्य केंद्रों पर टीका उत्सव मनाया गया। केंद्रों पर 550 से अधिक बच्चों को टीके लगाए गए और लोगों को इसके प्रति जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य विभाग को जिले में 19823 बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य मिला था। इसमें चार तरह के टीके लगाए जाने है, जिसमें ओपीपी के 4164, पेंटा के 5070, एमआर-एक के 2895 और एमआर-दो के 7694 टीके लगने है। टीका उत्सव का बुधवार को शुभारंभ किया गया। मीतली गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सीएमओ डॉ. तीरथलाल व डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर सिंह ने बच्चे को टीका लगाकर शुभारंभ किया। सीएमओ ने जरूरत मंद बच्चों को ठंड से बचाने के लिए जर्सी वितरित की और लोगों को भी टीकाकरण कराने के प्रति जागरूक किया। कहा कि टीका लगने से बच्चे बीमारी से दूर रहते है।
- टटीरी स्वास्थ्य केंद्र पर लगाए टीके
अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर टीका उत्सव पर 15 बच्चों को टीके लगाए गए। डॉ. मनीष त्यागी ने बताया कि जिनका कोई भी टीका अब तक छूट गया है उन्हें जागरूक कर टीका लगाया जा रहा है। यह टीका बच्चों को काली खांसी, खसरा, रूबेला आदि बीमारी से दूर रखता है। इस दौरान निर्मला, शिल्पा, अनीता, गीता, अमित मानव, सुमित सैन आदि मौजूद रहे।