- बड़ौत में बावली मार्ग पर कपड़े खरीदने आए ग्राहक को लेकर गाली-गलौज होने पर बढ़ा विवाद
- पुलिस का हार्टअटैक से मौत होने का दावा, घायलों को सीएचसी से मेरठ मेडिकल रेफर किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। शहर के बावली मार्ग पर ठाकुरद्वारा के पास एक ग्राहक को लेकर कपड़े की दुकानों के मालिक उस्मान और नवाब पक्ष आपस में भिड़ गए। उनके बीच लाठी-डंडे और सरिये चले। इसमें उस्मान के भाई हारुन (50) की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। घायलों का सीएचसी में उपचार कराया गया, जहां से उनको मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने हारुन की हार्टअटैक से मौत होने का दावा किया और पूरी स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होने की बात कही है।
बावली मार्ग निवासी उस्मान ने बताया कि उनकी दुकान पर मंगलवार शाम को एक ग्राहक लहंगा लेने आया था। उसका बेटा मावी उसे लहंगा दिखा रहा था। आरोप है कि तभी सामने वाली कपड़े की दुकान के मालिक नवाब का भाई इमरान वहां आया और ग्राहक को अपनी दुकान पर अच्छा लहंगा मिलने की बात कहकर अपने साथ ले जाने लगा। मावी ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि इमरान ने अपने साथियों को बुलाकर मावी को दुकान से बाहर खींचकर सड़क पर गिराकर पीटना शुरू कर दिया। यह देखकर मावी के परिवार वाले भी आ गए और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे व सरिये लेकर आपस में भिड़ गए। उनके बीच काफी देर तक मारपीट होती रही। उस्मान ने आरोप लगाया कि उसका भाई हारुन बीच बचाव कराने लगा तो उसके सिर में सरिये से वार कर दिया। सिर में सरिया लगते ही हारुन सड़क पर गिर गया और उनकी मौत हो गई।
मारपीट में उस्मान, मावी व नाज और दूसरे पक्ष से इमरान घायल हो गए। घटना के बाद एएसपी प्रवीण कुमार चौहान भी वहां पहुंचे। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है और इस पूरे मामले में जांच की जा रही है।
- मारपीट देख बीच-बचाव कराने की हिम्मत नहीं जुटा पाए लोग
दुकानदारों के दो पक्षों में काफी देर तक मारपीट हो रही। लोग देखते रहे, लेकिन बीच बचाव कराने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। बताया गया कि पहले भी ग्राहकों को लेकर दुकानदारों में मारपीट हो चुकी है और दिन में कई बार हंगामा भी होता रहता है। उस्मान ने बताया कि हमलावर पक्ष के लोग पहले झगड़ा करते हैं और बाद में माफी मांगकर मामला निपटा देते हैं।
- हार्टअटैक लग रहा मौत का कारण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा
एसपीएसपी सूरज कुमार राय का कहना है कि बड़ौत में दुकानदारों के दो पक्षों में मारपीट हुई है। जिस हारुन की मौत हुई है, उसके शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। वहां लोगों ने यह भी बताया कि वह वहां आया था और अचानक ही गिरकर उसकी मौत हो गई। इस तरह लग रहा है कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई है। उसका बुधवार को पोस्टमार्टम होगा और उसके बाद ही कारण पूरी तरह से स्पष्ट होगा।
हत्या की खबर से संबंधित फोटो। मृतक हारून की फाइल फोटो। स्रोत:परिजन
हत्या की खबर से संबंधित फोटो। मृतक हारून की फाइल फोटो। स्रोत:परिजन
हत्या की खबर से संबंधित फोटो। मृतक हारून की फाइल फोटो। स्रोत:परिजन