फ्लोर मिल से 41 बोरे सरकारी अनाज बरामद
बागपत। कलक्ट्रेट स्थित औद्योगिक क्षेत्र में चल रही आटा फैक्ट्री से सरकारी अनाज बरामद हुआ है। यह अनाज नौरोजपुर गुर्जर गांव का राशन डीलर का बताया जा रहा है। विपणन अधिकारी की भूमिका संदिग्ध मानते हुए जांच की जा रही है। आपूर्ति विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है। पूर्ति निरीक्षक की ओर से फैक्ट्री मालिक और उसके मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने की तैयारी है।
जिला आपूर्ति अधिकारी चमन शर्मा ने बताया कि कोतवाली पुलिस को सूचना मिली की कलक्ट्रेट के औद्योगिक क्षेत्र में राशन की काला बाजारी का गेहूं आटा फैक्ट्री में पहुंचाया गया है, जिसके बाद उनकी टीम मौके पर पहुंची। यहां पर 200 बोरे अनाज बरामद किया है, जिसमें 41 बोरे सरकारी राशन के हैं। सारे अनाज को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि यह राशन नौरोजपुर गुर्जर के कोटेदार का हो सकता है। बागपत गोदाम से राशन बांटने के लिए अपना कोटा उठाया था। उसके बाद यह राशन एआरटीओ कार्यालय के पास स्थित फैक्ट्री में पहुंचा दिया। गोदाम के एएमआई की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि पूर्ति निरीक्षक अमित कुमार की ओर से फैक्ट्री के मालिक और मैनेजर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। कोटेदार और एसएमआई के खिलाफ जांच कराने के बाद कार्रवाई होगी।
उधर सीओ ओमपाल ने बताया कि कोतवाली प्रभारी शिवप्रकाश सिंह को सूचना मिली थी कि कलक्ट्रेट स्थित औद्योगिक क्षेत्र के आटा फैक्ट्री में सरकारी राशन की कालाबाजारी की जा रही है। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राशन को जब्त किया। उसके बाद जिला पूर्ति विभाग को इसकी सूचना दी गई थी।