बड़ौत (बागपत)।
गन्ना विकास समिति के चेयरमैन धूम सिंह ने कहा कि प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा के वायदे के अनुसार मलकपुर चीनी मिल के गन्ना सत्र 2017-18 का समस्त भुगतान समिति के खातों में पहुंच गया है, जो अगले दो-तीन दिन में किसानों के खातों में पहुंच जाएगा।
वे सोमवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। धूम सिंह ने बताया कि काफी दिनों से किसान बकाया गन्ना भुगतान को लेकर आंदोलित थे, किसानों की पीड़ा को देखते हुए वे गन्ना मंत्री सुरेश राणा से मिले और उन्होंने किसानों के भुगतान की समस्या उनके समक्ष रखी, वायदा किया था कि शीघ्र ही भुगतान करा दिए जाएगा। इसी वायदे के अनुसार 25 फरवरी को मलकपुर चीनी मिल ने गन्ना सत्र 2017-18 का समस्त भुगतान 201 करोड़ समिति के खाते में भेज दिया है। जो अगले दो-तीन दिन में समिति द्वारा यह भुगतान किसानों के खातों में भेज दिया जाएगा। इसके लिए सीएम, गन्ना मंत्री का आभार जताया और कहा कि जो चालू का भुगतान है, उसका भी भुगतान शीघ्र ही नियमित कराने का प्रयास कराया जाएगा।
दूसरी तरफ सुरेश पाल डायरेक्टर ने भी मलकपुर द्वारा बकाया गन्ना भुगतान करने पर मिल प्रशासन और प्रदेश सरकार का आभार जताया। सोमवार को सुरेश पाल के मकान पर बैठक हुई, इसमें पेराई सत्र 2017-18 के बकाया गन्ना भुगतान के संबंध में संपूर्ण भुगतान होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा भुगतान के लिए लंबी समय से आंदोलित थे। अब भुगतान होने पर किसानों को राहत मिलेगी। इसमें धर्मेंद्र कुमार, राज सिंह, कुलदीप, सुखपाल, ब्रहम पाल, ओमपाल, मनोज, गौरव, कृष्णपाल, नरेश पाल, राजपाल, कंवर पाल आदि शामिल रहे।