दोघट (बागपत)। कस्बे में ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनवाये जा रहे मकानों के लिए शपथ पत्र के नाम पर डूडा कर्मचारियों पर सुविधा शुल्क लेने का आरोप लगाकर हंगामा किया। चेतावनी दी कि यदि अवैध वसूली बंद नहीं की गई तो धरना शुरू कर देंगे।
सोमवार को नगर पंचायत दोघट में डूडा के कर्मचारी पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए जा रहे मकानों के शपथ पत्रों के नाम पर लोगों से डूडा कर्मचारियों ने 200 से 300 रुपये लेने शुरू कर दिए। ग्रामीणों ने अवैध वसूली का आरोप लगाकर हंगामा किया। चेयरपर्सन प्रतिनिधि लोकिंद्र ठेकेदार ने पहुंचकर लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। परियोजना अधिकारी बागपत रजनी पंडीर ने बताया कि मकान बनवाने वालों से शपथ पत्र लिया जा रहा है। इसके लिए 150 रुपये प्रति मकान मालिक से लिए जा रहे हैं। यदि मकान मालिक चाहे तो अपने आप भी शपथ पत्र बनवाकर दे सकता है। जिससे कोई पैसे नहीं लिए जाएंगे। अवैध वसूली का आरोप गलत है। हंगामा करने वालों में अमित, पालेराम, मांगेराम, बिट्टू, राजेंद्र, राम कुमार, सुरेश, किरणपाल, सचिन, इंद्रपाल, सुक्कन आदि रहे।