बड़ौत (बागपत)।
गन्ना विकास समिति बड़ौली रोड पर मंगलवार को सुबह के समय विभिन्न समस्याओं को लेकर किसान पहुंचे, लेकिन समिति पर ताला लगा था। दो घंटे तक ताला नहीं खुला तो किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया और वहां पर मौजूद कर्मचारियों को बंधक बना लिया और बड़ौली मार्ग पर एक घंटे तक जाम लगा दिया। कई घंटे तक सचिव जब नहीं पहुंचे तो किसान चेतावनी देकर चले गए।
गन्ना समिति मलकपुर बड़ौली रोड पर मंगलवार की सुबह विभिन्न गांव के किसान पहुंचे। जब साढे़ दस बजे तक भी समिति का ताला नहीं खुला तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया और बड़ौली रोड पर कर्मचारियों को बंधक बनाकर बैठ गए। इस बीच वहां पर पहुंचे लेखाधिकारी रामशरण यादव, लिपिक नरेंद्र और मोनू को खरी खोटी सुनाई। किसानों ने कहा जो बांड बंद हो गए हैं, वे नहीं खोले जा रहे हैं, जो समस्याओं से युक्त प्रार्थना पत्र देते हैं, उन्हें रद्दी पर डाल दिया जाता है, किसानों को पर्चियां भी नहीं भेजी जा रही है और जो गन्ने आग से जल गया है, उसकी पर्ची नहीं दी जा रही है। एक घंटे तक भी जब समिति का ताला नहीं खुला तो पता चला कि मकान मालिक का किराया न देने पर उन्होंने अंदर से गेट बद किया है और सचिव सचिन मेरठ गए हैं। दोपहर बाद तक भी समिति न खेलने पर किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो वे समिति पर अनिश्चित कालीन धरना शुरू करेंगे। इसमें मनोज आर्य, राजपाल सिंह, हरपाल, आजाद, विपिन, विनोद, भोपाल, अरुण, जयवीर आदि रहे।