वित्तविहीन शिक्षकों ने बाइक रैली निकाली
बागपत। माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रदेशाध्यक्ष एमएलसी उमेश द्विवेदी के नेतृत्व में बाइक रैली निकाली और डीआईओएस दफ्तर पर प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने उचित मानदेय की मांग भी रखी। एमएलसी उमेश द्विवेदी ने कहा कि पूर्व की सरकार ने वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय की शुरूआत की गई थी। पूर्व की सरकार से उम्मीद थी कि उनके लिए कुछ बेहतर करेगी, लेकिन सरकार ने वेतन में वृद्धि तो नहीं की, उल्टा मिलने वाले धनराशि को बंद कर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की कि शिक्षकों को 31 दिसंबर तक सम्मानजनक मानदेय दिलाया जाए। ऐसा नहीं किया गया तो सात जनवरी को जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
महासभा के पदाधिकारियों ने डीआईओएस बृजेंद्र कुमार को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इससे पूर्व वित्तविहीन शिक्षक महासभा के पदाधिकारियों ने बालैनी स्थित हिंडन नदी से डीआईओएस दफ्तर तक बाइक रैली निकाली। राष्ट्रवंदना चौक पर शहीदों की प्रतिमा का माल्यार्पण किया। मेरठ प्रभारी सरला चौधरी, संगठन मंत्री देवेंद्र कुमार, प्रादेशिक संगठन मंत्री उर्मिला राजपूत, मनोज कुमार शर्मा, बागपत जिलाध्यक्ष रमेश यादव, महामंत्री अशोक बंधु, कंवरपाल सिंह, ऑडिटर अजय कौशिक, प्रधानाचार्य नवाब सिंह, कृष्णपाल सिंह सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
सपा कार्यकर्ताओं ने माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के समर्थन करते हुए रैली का स्वागत किया। जिला महासचिव डॉ. शकील अहमद, कार्यालय प्रभारी सुरेंद्र पंवार, युवा जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव, लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष वसीम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।