बड़ौत (बागपत)। बीएसएनएल सेवा बाधित होने से बड़ौत तहसील क्षेत्र के कई गांवों के मोबाइल यूजर कई दिन से परेशान हैं। वे न तो सही ढंग से अपने रिश्तेदारों को फोन मिला पा रहे हैं और न ही उनके बात सुन पा रहे हैं।
बीएसएनएल के अफसरों की लापरवाही का खामियाजा किरठल, लूंब, तुगाना, रमाला व किशनपुर बिराल गांव के ग्रामीणों को भुगताना पड़ रहा है। तीन दिन से इन गांवों में बीएसएनएल सेवा बाधित है, जिस कारण मोबाइल यूजरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किरठल गांव के पुष्पेंद्र चौहान, मास्टर महिपाल, राज कुमार, अनिल चौहान, रविंद्र चौहान, डॉ. मनोज का कहना है कि बीएसएनएल सेवा सुचारु कराने के लिए कई बार विभागीय अफसरों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जिस कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। जब इस संबंध में बीएसएनएल एसडीओ सतीश से बातचीत की गई तो उनका कहना था कि जल्द ही सभी सेवाएं सुचारु करा दी जाएगी।