बड़ौत (बागपत)।
जैन कन्या जूनियर हाईस्कूल में चल रही राजनीतिक उठापटक के बीच यहां पढ़ने वाली बालिकाएं पिसने को मजबूर हैं। स्कूल में रसोइयां नहीं होने के कारण दो दिन से बालिकाओं को मिड-डे मील तक वितरित नहीं हुआ। मंगलवार को तो बालिकाएं बिलखने तक लगी, लेकिन किसी को इनकी परवाह तक नहीं हैं।
भगवान महावीर मार्ग पर स्थित जैन कन्या जूनियर हाईस्कूल में खराब मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर शिकायत पर बीएसए के निर्देश पर शुक्रवार को एबीएसए विनोद कुमार ने विद्यालय में पहुंचकर मामले में जांच शुरू कर दी थी। यहां पढ़ने वाली बालिकाओं के अलावा शिक्षिकाओं, स्टॉफ, अभिभावकों के अलावा प्रबंध समिति के पदाधिकारियों से भी अलग-अलग बयान दर्ज किए । मिड-डे मील की जांच करना तो दूर इस विद्यालय में अब बालिकाओं को दोपहर का भोजन तक मिलना बंद हो गया है। सोमवार और मंगलवार को मिड- डे मील बना तक नहीं क्योंकि खाना बनाने वाली रसोइयां यहां से कामकाज छोड़कर जा चुकी हैं। वैकल्पिक रूप से कोई प्रबंध नहीं होने से बालिकाएं मंगलवार को भूख के मारे बिलख पड़ी। इस संबंध में एबीएस विनोद वर्मा ने कहा मामले में कार्रवाई होगी।