बागपत। जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए सोनीपत के बहालगढ़ में आयोजित ट्रायल में बागपत के पहलवानों ने परचम लहरा दिया। गांगनौली के सचिन राठी और हेवा गांव के वीरेश कुंडू का चयन स्कोलाविया में होने जा रही वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए हो गया है। दोनों ने हरियाणा के पहलवानों को मात देकर अपना टिकट पक्का किया। सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में बागपत के संदीप तोमर, पंकज राणा और सचिन राठी शामिल होंगे।
स्कोलाविया में 18 से 23 सितंबर तक जूनियर वर्र्ल्ड चैंपियनशिप होगी। शुक्रवार को सोनीपत के स्पोर्ट्स अॅथारिटी ऑफ इंडिया के बहालगढ़ सेंटर में ट्रायल आयोजित किए गए। गांगनौली गांव के सचिन राठी ने 74 किलोग्राम भार वर्ग में चंडीगढ़ के प्रतीक को हराकर अपना टिकट पक्का किया। इसके अलावा हेवा गांव के वीरेश कुंडू ने ग्रीको रोमन के 97 किलोग्राम भार वर्ग के लिए आयोजित ट्रायल में हरियाणा के पंकज को हराकर भारतीय टीम में जगह पक्की की।
जूनियर पहलवानों के अलावा बागपत के तीन पहलवान हंगरी के बूडापोस्ट में होने वाली सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में शामिल होंगे। 22 से 28 अक्तूबर तक उक्त चैंपियनशिप चलेगी। मलकपुर गांव का ओलंपियन संदीप तोमर के अलावा फ्री स्टाइल के 70 केजी भार वर्ग में पंकज राणा और 79 केजी भार वर्ग में गांगनौली का सचिन राठी प्रतियोगिता में शामिल होगा।
एशियाई खेलों में भी शामिल हुए संदीप
बागपत। मलकपुर गांव का संदीप तोमर जकार्ता में चल रहे एशियाई खेलों में भी शामिल हुए। इससे पहले वह ओलंपिक में भाग ले चुका है। संदीप का कहना है कि उसका लक्ष्य ओलंपिक पदक जीतने का है।
एशियन चैंपियनशिप में दिला चुका पदक
बागपत। गांगनौली गांव का सचिन राठी दिल्ली में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में देश को पदक दिला चुका है। पिछले दिनों ही गांव में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। सचिन का कहना है कि उसका लक्ष्य ओलंपिक में भाग लेना है।