बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाइवे 709 बी का निर्माण कांवड़ यात्रा के बाद शुरू होगा। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह ने बताया कि तैयारियां चल रही है। मूल्यांकन के बाद निर्माण कंपनी का नाम फाइनल किया जाएगा। हाइवे निर्माण सरकार की प्राथमिकता है।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राज मार्ग मंत्री नितिन गडकरी के दिल्ली स्थित कार्यालय में दिल्ली-सहारनपुर हाइवे निर्माण के लिए मंथन किया गया। डॉ. सत्यपाल सिंह ने बताया कि जल्द ही हाइवे का निर्माण शुरू होगा। इसके लिए निर्माण कंपनी का नाम जल्द ही फाइनल हो जाएगा। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से आसपास के जिलों को जोड़ने के लिए पहले दिल्ली-सहारनपुर हाइवे का निर्माण यहीं से शुरू किया जाएगा। इससे शामली और मुजफ्फरनगर के लोगों को सीधा लाभ होगा। दूसरे चरण में शामली से सहारनपुर तक निर्माण होगा। पहले चरण के निर्माण में भारत माला परियोजना के अंतर्गत एलम में 2.8 किमी के बाईपास का निर्माण कराया जाएगा। पूरे हाइवे के निर्माण की अधिकतम अवधि डेढ़ साल रखी गई है और कंपनी को चार साल तक इसका रखरखाव करना होगा।
सत्यपाल ने दिल्ली में विकास कार्यों पर मंथन किया
बागपत। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह बुधवार को बासौली गांव में पहुंचे। इससे पहले डॉ. सत्यपाल सिंह ने दिल्ली में अपने दफ्तर में जिले के अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ विकास कार्यों पर मंथन किया। साथ ही उन्होंने टीकरी में सीएचसी को चालू कराने के निर्देश दिए। श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन एरिया के तहत सिलाना, लुहाना, शेरपुर, बासौली, मुकंदपुर, चांदनहेड़ी, हलालपुर और बरवाला गांव शामिल किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में कोताही नहीं बरती जानी चाहिए। इस दौरान डीएम ऋषिरेंद्र कुमार, सीडीओ पीसी जयसवाल आदि अधिकारी मौजूद रहे।
आज मनाई जाएगी पुण्यतिथि
बागपत। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय खोखर ने बताया कि बृहस्पतिवार को बासौली गांव कें केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ सत्यपाल सिंह के पिता की पुण्यतिथि मनाई जाएगी।