बागपत। केंद्रीय मानव विकास संसाधन राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा कि भारत सरकार लोगों के स्वास्थ्य के प्रति गंभीर है। उन्होंने कहा स्वास्थ्य केंद्रों पर सस्ती दवा के लिए जन औषधि केंद्र खोले जा रहे हैं। जिला अस्पताल में इसका शुभारंभ हो गया है। प्रधानमंत्री ने भी कुछ जगहों पर इन केंद्रों को शुरू कर दिया है। लोगों से अपील की इन्हीं केंद्रों से सस्ती और अच्छी दवा खरीदे।
जिला अस्पताल में रविवार को केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह ने जन औषधि केंद्र का फीता काटकर शुभारंभ। इस दौरान उन्होंने कहा कि देशभर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र अस्पतालों में खोले जा रहे हैं। इन केंद्रों सबसे सस्ती दवा मिलेगी। इसका लाभ हर व्यक्ति को पहुंचेगा। महंगी दवा का व्यापार कर रहे मेडिकल स्टोर संचालकों पर शिकंजा कसा जाएगा। औषधि केंद्र क्षेत्र की जनता के लिए सौगात है। जहां उन्हें अब दवा के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा मंहगी दवा बेचकर लोगों की जेब पर डाका डाला जाता था, जिस पर सरकार ने शिकंजा कस दिया है। केंद्र पर किसी भी तबके के लोग दवा को बाजार के रेट से नब्बे प्रतिशत की छूट पर खरीद सकते हैं।
महाराजा विनायक कंपनी के डॉ. मनवीर सिंह और औषधि केन्द्र संचालक मनीष त्यागी ने बताया कि केन्द्र में जेनेरिक दवाएं पहुंच चुकी हैं। जबकि अन्य विभिन्न प्रकार की दवाइयों का लाभ लोग एक-दो दिन में उठा सकते हैं। सरकार की मनसा के अनुसार कार्य होगा। सभी दवा भरपूर मात्रा में रहेगी। इस दौरान छपरौली के विधायक सहेंद्र सिंह रमाला, खेकड़ा ब्लॉक प्रमुख जितेंद्र धामा, परवेंद्र धामा, भाजपा नेता साहब सिंह, सीएमओ सुषमा चंद्रा, सीएमएस बीएलएस कुशवाह, सीओ दिलीप कुमार, कृष्णपाल चेयरमैन, वेदपाल उपाध्याय सहित कई अन्य स्वास्थ्य अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।
वीडियो कांफ्रेंसिंग की व्यवस्था न करने पर नाराज हुए मंत्री जी
बागपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जन औषधि केंद्र का शुभारंभ किया गया है। उनके देशभर में कार्यक्रम को दिखाने के लिए सभी जगह व्यवस्था की गई। जिला अस्पताल में केंद्रीय राज्यमंत्री इसी बात पर खफा हो गए की यहां कार्यक्रम को दिखाने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई । जिस पर उन्होंने अफसरों पर नाराजगी जाहिर की। इसके बाद उद्घाटन के लिए जिला अस्पताल पहुंचे, यहां भी कोई व्यवस्था नहीं मिली। बताया गया कि जन औषधि केंद्रों का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा ऑनलाइन किया जाना है, लेकिन जिला अस्पताल में सब कुछ ढाक के तीन पात रहा।
अस्पताल संबंधी परेशानी से राज्यमंत्री को कराया अवगत
बागपत। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह की अस्पताल पहुंचने के खबर सुनते ही आसपास के गांवों के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए। जहां उन्होंने चिकित्सकों पर एंबुलेंस और पोस्टमार्टम के नाम पर रिश्वत मांगने और लापरवाही बरतने के आरोप लगाए। मामले को गंभीरता से लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री ने सीएमओ सुषमा चंद्रा को जांच कर दोषी चिकित्सकों पर कार्रवाई के निर्देश दिए है। इस दौरान निवाड़ा, सिसाना, गौरीपुर गांव के अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों की कमी से कराया अवगत
जिला अस्पताल में मरीजों को उपचार कराने में परेशानी होती है। हड्डी रोग विशेषज्ञ के न होने से सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। दिव्यांगों से लेकर दुर्घटना में घायल हुए लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। दिल्ली, मेरठ के लिए रेफर किया जाता है। इस समस्या पर केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह ने सीएमओ को मेरठ से चिकित्सक की व्यवस्था कराने की निर्देश दिए।