बिनौली (बागपत)। बरनावा के लाक्षागृह स्थित श्री महानंद संस्कृत गुरुकुल विद्यालय परिसर में 74वीं एनसीसी यूपी वाहिनी के तत्वावधान में दस दिवसीय एनसीसी कैडेट प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एसपी सिन्हा ने कहा कि एनसीसी में शामिल होने वाले युवाओं के अंदर देशभक्ति का जज्बा जागृत होता है।
एनसीसी ग्रुप मुख्यालय गाजियाबाद के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एसपी सिन्हा की बरनावा लाक्षागृह पहुंचने पर कैंप कमांडर कर्नल विक्रम उप्पल एवं प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीकांत नाथन ने आगवानी की तथा एनसीसी कैडेट ने गार्ड कमांडर सुमित राठी के नेतृत्व में गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस अवसर पर सेमिनार में ग्रुप कमांडर सिन्हा ने कहा कि एनसीसी देश का सबसे सशक्त संगठन है, जिसमें करीब 14 लाख कैडेट्स हैं। यह प्रशिक्षण कैडेट्स के जीवन का अमूल्य समय है। युवा ही नया भारत हैं तथा उनकी देश को बदलने में महती भूमिका है। युवा अपनी ऊर्जा सही दिशा में संयोजित करें। उन्होंने कहा कि कश्मीर में पत्थरबाजी भाड़े के युवक कर रहे हैं। ये सब गुमराह नौजवान हैं।
इस अवसर पर मादक पदार्थों से हानि विषय पर सेमिनार का भी आयोजन हुआ, जिसमें कैडेट्स ने मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में बताया तथा जनजागरण रैली भी निकाली। इस अवसर पर सूबेदार मेजर मोहिंदर सिंह, कैप्टन एनएस मान, मुकेश कुमार, निरंकार सिंह, मनोज धामा, अरविंद कुमार, जसवंत सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।