बड़ौत (बागपत)। छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने अपने आवास पर अधिकारियों की बैठक बुलाकर लोगों की समस्याओं को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए।
बुधवार को विधायक ने विधानसभा क्षेत्र के कार्यों और मुख्य समस्याओं पर विद्युत निगम प्रथम और द्वितीय खंड, सिंचाई विभाग, परिवहन विभाग, भूमि संरक्षण विभाग व अन्य विभागों की बैठक बुलाई। उन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं, जैसे अस्पताल में चिकित्सकों की कमी पूरा करने, मरीजों को समय पर व सही चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विद्युत निगम के अधिकारियों को कहा कि गर्मी में लोड बढ़ने के कारण आए दिन विद्युत ट्रांसफार्मर खराब हो रहे हैं, ऐसे में खराब ट्रांसफार्मरों को बदलवाएं ताकि आम जनता को राहत मिल सके। उन्होंने गर्मी में नहरों व रजबाहे मेें पानी उपलब्ध न होने के कारण अधिकारियों को तालाबों आदि से सिंचाई कराने के निर्देश दिए। चौगामा में पानी व्यवस्था दुरुस्त करना, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगवाना, सरकारी नलकूप लगवाने आदि कार्यों को पूर्ण कराने के लिए भी उन्होंने सिंचाईं विभाग से इसके बजट की मांग की।
इसके बाद उन्होंने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन के समक्ष क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को सुधारकर क्षेत्र में बसों की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई। उन्होंने टांडा रमाला मार्ग पर चौगामा क्षेत्र के लिए छपरौली-किशनपुर वाया पुसार से मेरठ तक जाने वाली बसों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने दिल्ली आईएसबीटीसी तक बस चलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने संपर्क मार्गों की हालत को लेकर चिंता जताई और गन्ना विभाग के अधिकारियों से जल्द सुधार करने की बात कही। उन्होंने छपरौली पुल का निर्माण, स्टेडियम, युवाओं के लिए सेवा योजना कार्यालय की सुविधा शुरू कराने, तुगाना में लड़कियां के कॉलेज को सुचारु कराने और इसके साथ अलीगढ़ यूनिवर्सिटी का नाम बदलकर राजा महेंद्र प्रताप यूनिवर्सिटी रखने की मांग की।