बड़ौत (बागपत)।
चौधरी चरण सिंह समाज सुधार मंच के तत्वावधान में मवी खुर्द में नशाखोरी, कन्या भ्रूण हत्या, जातिवाद, भ्रष्टाचार, संप्रदायवाद, आर्थिक विषमता आदि सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जन जागृति पैदा करने के लिए विचार गोष्ठी का आयोजन किया।
गोष्ठी में मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष और रालोद के सचिव चौधरी सुखवीर सिंह गठीना ने कहा यद्यपि आज हमारा देश आर्थिक दृष्टि से मजबूत हुआ है, लेकिन इसमें दो राय नहीं है कि हम सांस्कृतिक दृष्टि से कमजोर हुए हैं। हमारे जीवन में हम की भावना की बजाय मैं की भावना प्रबल हुई है। वृद्धों को सेवा की भावना में बड़ी कमी आई है। इस कारण वृद्धा आश्रम, नशा मुक्ति केंद्र, विधवा आश्रमों का खोलना है। मंच ने अमीनगर सराय नगर पंचायत के अध्यक्ष मांगेराम को शॉल भेंट कर सम्मानित किया । उन्होंने कहा वर्तमान समय में हमारा समाज नैतिक और वैदिक मूल्यों को भूलकर पश्चिम की भोगवादी संस्कृति की ओर तेजी से दौड़ रहा है। मंच के संस्थापक प्रोफेसर बलजीत सिंह आर्य ने कहा देश में ऋषि और विद्वानों ने समाज को उन्नत करने और आदर्श समाज बनाने के लिए जो मूल्य, मर्यादाएं निर्धारित की है, वे वैज्ञानिक हैं। उन मर्यादाओं पर चलकर ही मनुष्य सुख, शांति और समृद्धि प्राप्त कर सकता है। गोष्ठी से पहले यज्ञ किया। गोष्ठी की अध्यक्षता जयपाल सिंह ने की। संचालन जगदीश चंद्र शर्मा ने किया। इस में पूर्व प्रधान धर्मपाल सिंह, पूर्व प्रधान तेजवीर सिंह, ब्रजपाल सिंह, कृष्णपाल सिंह, महीपाल सिंह, महेश पाल सिंह, रणधीर सिंह, मनोज, देवेंद्र सिंह जाटव, पप्पू जाटव आदि रहे।