दोघट (बागपत)। सिंभावली गन्ना मिल के गन्ना क्रय केंद्र लगवाने की मांग को लेकर किसानों का प्रतिनिधि मंडलायुक्त मेरठ से मिला। उन्होंने किसानों को गन्ना क्रय केंद्र स्थापित कराने का आश्वासन दिया है।
मंडलायुक्त मेरठ डॉ. प्रभात कुमार से मलकपुर गन्ना समिति के बामनौली, सिरसली, माखर, धनौरा, रंछाड़ आदि गांवों के किसान मिले। किसानों ने मंडलायुक्त मेरठ से सिंभावली गन्ना मिल के क्रय केंद्र स्थापित करने की मांग की। उन्होंने बताया कि 14 अक्तूबर को किसानों को सिंभावली मिल के क्रय केंद्र आवंटित किए । जो अभी तक भी स्थापित नहीं कराए गए हैं। जबकि मिलों को चले एक माह हो चुका है। किसानों के खेत में गन्ने की फसल खड़ी रहने के कारण गेहूं की बुवाई नहीं कर पा रहे हैं। मंडलायुक्त से मिलकर लौटे नरेश तोमर बामनौली, रविंद्र हट्टी, राजकरण, अमरपाल, ऋषिपाल आदि किसानों ने बताया कि मंडलायुक्त मेरठ ने उप गन्ना आयुक्त मेरठ को शीघ्र ही सिंभावली मिल के गन्ना क्रय केंद्र स्थापित कराने को कहा है।