अवकाश आवेदन स्वीकृत न होने पर शिक्षकों का प्रदर्शन
बड़ौत (बागपत)। जनता वैदिक डिग्री कॉलेज में सोमवार को काफी संख्या मेें प्रोफेसर एकत्रित हुए और प्रबंध समिति के पदाधिकारियों द्वारा शिक्षक संघ के अध्यक्ष के सामने अवकाश आवेदन स्वीकृत न करने के विरोध में प्रदर्शन किया। बाद में शिक्षकों ने प्राचार्य को संबोधित ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग की।
सोमवार को कॉलेज में काफी संख्या में प्रोफेसर शिक्षक संघ के अध्यक्ष डा. अरविंद त्यागी के नेतृत्व में एकत्रित हुए और विरोध प्रदर्शन किया। अरविंद त्यागी का कहना था कि शिक्षकों का शोषण कतई बर्दास्त नहीं किया जाएगा। बताया कि गत एक सितंबर को प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान जिन शिक्षकों को अनुपिस्थत दिखाया है, वास्तव में प्रबंध समिति के पदाधिकारियों द्वारा उनके अवकाश आवेदन स्वीकृत नहीं गए किए थे। आरोप लगाया कि जिन शिक्षकों को अनुपस्थित दिखाया गया है, वास्तव मेें वे शिक्षक बारिश की वजह से थोड़ा लेट हो गए थे, लेकिन बाद में कॉलेज पहुंच गए थे। उनकी अनुपस्थित गलत दर्शायी गई है। बाद मेें सभी प्राचार्य डा यशवीर सिंह से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपा। कॉलेज प्राचार्य डा. यशवीर सिंह तोमर का कहना था कि कॉलेज का माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है, जो शिक्षक कॉलेज में उपस्थित थे, प्रबंध समिति द्वारा उन्हें जानबूझकर अनुपस्थित दर्शाया गया है। कई कर्मचारियों की तो रात के समय ड्यूटी है। लेकिन इसके बाजवूद दिन में निरीक्षण कर उन कर्मचारियों को भी अनुपस्थित दर्शाया गया है, इसे बर्दास्त नहीं किया जाएगा।