बागपत। जिले में मजदूरों का यमुना के रास्ते आना जारी है। रविवार को 42 मजदूर यमुना के रास्ते हरियाणा से बागपत पहुंचे। पुलिस ने सभी मजदूरों को वापस भेज दिया। लॉकडाउन होने के बाद मजदूरों का अपने घरों की ओर जाना जारी है। रविवार को बिहार और फतेहपुर के 23 मजदूर यमुना के रास्ते बागपत पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी मजदूरों को वापस भेज दिया। इसके अलावा यमुना के रास्ते से ही 19 मजदूर नैथला व खेड़ा हटाना पहुंचे थे। पुलिस ने इन मजदूरों को भी वापस भेज दिया है। निवाड़ा चौकी प्रभारी जर्नादन व सरूरपुर चौकी प्रभारी गजेंद्र ने बताया कि रविवार को यमुना के रास्ते हरियाणा में काम करने वाले बिहार व फतेहपुर के मजदूर निवाड़ा, नैथला व खेड़ा हटाना पहुंचे थे, सभी मजदूरों को वापस भेजा गया है।
कश्मीर की छात्राओं को बुखार, सैंपल लिए गए
बागपत। स्यादवाद् कालेज में पढ़ रहे जम्मू कश्मीर व कारगिल के छात्र-छात्राओं में एक छात्रा को दो माह से बुखार होने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। जिसके बाद कोरोना वायरस की जांच कर कालेज के लिए भेज दिया गया। रिपोर्ट आने तक स्वास्थ्य विभाग की छात्रा पर नजर बनाए हुए है।
रविवार को सीएमएस डॉ. बीएल कुशवाह ने बताया कि स्वायदवाद कालेज में पढ़ रही एक कारगिल निवासी दो छात्राओं को पिछले दो माह से फीवर व टाइफाइड होने की सूचना मिली थी। जिसमें एक छात्रा का स्वास्थ्य ठीक होने पर भेज दिया गया जबकि दूसरी छात्रा का कोरोना वायरस का टेस्ट करा दिया गया है, जिसकी तीन या चार दिन में रिपोर्ट आ जाएगी। कालेज के ऑपरेशन मैनेजर आजाद ईलाही ने बताया कि कालेज में कुल 85 छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं। जिसमें 52 छात्र-छात्राएं कारगिल की तथा 33 जम्मू कश्मीर के हैं।
25 को होम क्वारंटीन किया
चांदीनगर/रमाला। अलीगढ़ यूनिवर्सिटी के चार छात्र विशाखापत्तनम से रविवार दोपहर रटौल गांव पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चारों की जांच कर उन्हें 14 दिन होम क्वारंटीन कर दिया है। इंस्पेक्टर महिपाल सिंह ने बताया कि असारा गांव में 21 लोगों को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन किया गया।
जमातियों की जांच की
बालैनी। बालैनी के श्री कृष्णा कालेज में क्वारंटीन किए गए जमातियों की रविवार को स्वास्थ्य विभाग की पांच सदस्यीय टीम ने जांच की। जांच टीम में डॉ. विशाल, डॉ. अभिशंकर, डॉ. सुधीर शर्मा, फार्मेसिस्ट प्रदीप व सुरेंद्र कुमार शामिल रहे।