बागपत। कुपोषित बच्चों की सेहत सुधारने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र, एएनएम सेंटर पर सुपोषण स्वास्थ्य मेले का आयोजन होगा। ग्रामीणों को बुलाकर बच्चों के खानपान के बारे में जानकारी दी जाएगी। शासन से इसके लिए बजट भी जारी हो गया है। प्रत्येक सेंटर पर 500 रुपये दिए जाएंगे।
कुपोषित और अतिकुपोषित बच्चे की सेहत को सुधारने के लिए शासन ने कुपोषण अभियान के तहत जिले के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र, एएनएम सेंटरों पर सुपोषण स्वास्थ्य मेला लगाने का निर्णय लिया है। इसके लिए शासन ने जनपदों को बजट भेज दिया है। बागपत जनपद को ढाई लाख रुपये के लगभग बजट मिला है। अपर परियोजना प्रबंधक एएस यादव ने आदेश में बताया कि प्रत्येक सेंटर को पांच-पांच सौ रुपये दिए जाएंगे और इस धनराशि से मेले का आयोजन कराकर वहां महिलाओं को बुलाकर उनको कुपोषण की जानकारी दी जाएगी, ताकि वह अपने बच्चों का ठीक से खानपान का ध्यान रख सकें।