करमूखेड़ी आंदोलन में शहीद हुए किसानों को श्रद्धांजलि दी
दोघट (बागपत)। कस्बे में राजेंद्र चौधरी के आवास पर भाकियू कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें शामली के करमूखेड़ी में किसान आंदोलन के समय पुलिस की गोली का शिकार हुए भाकियू के दो शहीद किसानों को श्रद्धांजलि दी गई।
बैठक में भाकियू युवा के जिलाध्यक्ष गौरव राठी ने कहा कि वर्ष 1987 में शामली जनपद के करमूखेड़ी गांव के बिजलीघर पर बिजली की बढ़ी दरों को लेकर भाकियू के नेतृत्व में किसानों ने आंदोलन शुरू कर दिया था। इसमें पुलिस प्रशासन ने किसानों पर लाठी चार्ज एवं गोली चला दी थी। पुलिस की गोली से दो किसानों अकबर अली और जयपाल सिंह की मौत हो गई थी। भाकियू एक मार्च को शहीद किसान दिवस मनाती आ रही है। बैठक में किसानों ने शहीद किसानों को श्रद्धांजलि दी। किसान की अवहेलना करने वाली कोई भी सरकार कभी सफल नहीं हो पाती है। किसान देश की रीढ़ होती है। किसान अपने लिए नहीं देश के लिए अधिक चिंतित होता है। बैठक में दोनों किसानों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजली दी गई। इस मौके पर ऋषिपाल, देवी सिंह, गुलशन, राजेंद्र, पलटू सिंह, बिट्टू प्रधान, राजेश, देशपाल आदि मौजूद रहे।