बड़ौत (बागपत)। आवारा पशुओं से किसानों को निजात दिलाए जाने को लेकर शनिवार को काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित राजकीय बीज भंडार पर पहुंचे और अस्थायी गोवंश आश्रय केन्द्र समिति के सदस्य का घेराव कर समस्या का समाधान कराए जाने की मांग उठाई।
कांग्रेस के जिला संगठन मंत्री व खेलकूद प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अंकित पंवार के नेतृत्व में शनिवार को ढ़िकाना, जौनमाना, मलकपुर, बावली, बड़ौली, गुराना सहित कई गांव के काफी संख्या मेें किसान राजकीय बीज भंडार पर पहुंचे। जिला संगठन मंत्री अंकित पंवार ने कहा कि आज किसान आवारा पशुओं से तंग आ चुका है। दिन-रात पहरेदारी देने के बावजूद आवारा पशु फसलों को नष्ट कर रहे हैं, जिस कारण आने वाले समय मेें किसानों के सामने अन्न का बड़ा संकट खड़ा हो सकता है। कहा कि पहले से ही किसान बकाया गन्ना भुगतान न होने से आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं, ऊपर से आवारा गोवंश ने किसानों की कमर तोडने का काम किया है। प्रतिदिन आवारा पशुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। फसलों को नष्ट करने के साथ-साथ आवारा पशु दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के अलावा अन्य मार्गों पर हादसों का सबब बन रहे हैं। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस इसके विरोध मेें बड़ा आंदोलन शुरू कर देंगे। समिति सदस्य तेजपाल चौहान ने बताया कि हाल ही में बदरखा सहित अन्य जगहों पर गोशाला खोलकर आवारा गोवंश का समाधान कराया जा रहा है, तब जाकर लोग वहां से लौट गए। इस अवसर पर मनीष राठी, जोगेन्द्र, रोहताश, दीपक, महेन्द्र, आशीष, हरपाल, सुभाष, इंद्रपाल, प्रवीण, जितेन्द्र, संजीव शामिल रहे।