बड़ौत (बागपत)।
रात मेें तापमान गिरने से हल्की ठंड का एहसास और दिन के समय पूरी उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हो उठते है। मौसम में अचानक हुए इस परिवर्तन से स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। घर घर मलेरिया, वायरल, बुखार व सर्दी, खांसी और जुकाम के मरीज बढ़ रहे हैं। मंगलवार को पूरे दिन मरीज सीएचसी में अपना इलाज कराने के लिए चिकित्सकों के चक्कर काटते रहे।
मौसम में आए बदलाव के साथ ही बीमारियों ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। नगर और गांवों मलेरिया, वायरल, बुखार , खांसी और जुकाम का जबरदस्त प्रकोप है। क्षेत्र में शायद ही कोई ऐसा घर हो जहां वायरल से पीड़ित व्यक्ति न हो। कंपकंपी के साथ आने वाले तेज बुखार के रोगियों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। एक बार वायरल की चपेट में आने के बाद मरीज को ठीक होने से चार से एक सप्ताह तक का समय लग रहा है। इसमें एंटी बायटिक एवम दर्द निवारक दवाएं भी खास असर नहीं दिख पा रही है।
मंगलवार को पूरे दिन मरीज अपने इलाज के लिए चिकित्सकों के चक्कर काटते रहे। मरीजों की भीड़ देखकर सीएचसी अधीक्षक डॉ. एएसके मलिक ने चिकित्सकों को लापरवाही न करने की हिदायत दी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एएसके मलिक ने कहा मौसम से प्रतिदिन मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है।