बड़ौत (बागपत)।
एशियन चैंपियन सुभाष पहलवान ने स्टेडियम लोकार्पण के दौरान कुछ लोगों द्वारा विरोध करने की निंदा की और अपील कि खेल में कोई राजनीति न करें। उन्होंने कहा कि यह जनपद बागपत के लिए बहुत गौरव की बात है कि एक खिलाड़ी खेल मंत्री के रूप में यहां आकर स्टेडियम का लोकार्पण कर रहे हैं।
शनिवार को नई मंडी स्थित डॉ. प्रताप लोयन के प्रतिष्ठान पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बागपत जनपद देश-दुनिया में खेलों के नाम से प्रसिद्ध है। यहां के खिलाड़ी मिट्टी के मैदान पर खेलकर देश व राष्ट्र के लिए समर्पित होकर अपने दम पर अनेकों पदक झटक रहे हैं। उन्हें यदि समय पर सुविधा मिल जाए तो और भी युवाओं का खेलों के प्रति रुझान बढ़ेगा।
उन्होंने खेल मंत्री चेतन चौहान का स्टेडियम के लोकार्पण के लिए जाते समय कुछ लोगों द्वारा विरोध करने पर निंदा की और कहा कि खेल में कोई राजनीति न करे। उन्होंने कहा कि वह कई बार बड़ौत की कोताना रोड पर बने स्टेडियम के लोकार्पण व खिलाड़ियों को सुविधाएं दिलाए जाने की मांग को लेकर खेलमंत्री चेतन चौहान से लखनऊ व दिल्ली में मिले थे।
बाद में खिलाड़ियों का एक प्रतिनिधि मंडल एशियन चैंपियन सुभाष पहलवान के नेतृत्व में स्टेडियम मेें लोकार्पण करने आए खेल मंत्री चेतन चौहान से मिला और मांग पूरी करने पर उनका आभार जताया। साथ ही उन्होंने जनपद के खेल स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए आए सामान व महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा सहित बड़े गांव व कस्बे में खिलाड़ियों को सुविधा प्रदान करने के लिए मिनी स्टेडियम बनाए जाने की मांग उठाई। साथ ही स्टेडियम मेें प्रत्येक खेल के प्रशिक्षक की नियुक्त करने की मांग उठाई।