गंदगी से किशनपुर के लोग परेशान
रमाला (बागपत)। क्षेत्र के किशनपुर बराल गांव में नियमित सफाई नहीं कराए जाने से ग्रामीण परेशान हैं। नाले गंदगी से अटे हैं। तालाब के पास गंदगी के कारण वहां से गुजरना मुश्किल हो गया है। बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीण नूर जहां, जरीना, मोबीन, इरफान, मोहित, शौकीन, राज कुमार, मंगता ने कहा कि जल्द नाले की सफाई की जाए और तालाब की गंदगी हटाने के लिए डीएम से मिल कर शिकायत करेंगे।
गन्ने की फसल जली
चांदीनगर (बागपत)। मंसूरपुर गांव में हाईटेंशन लाइन की चिंगारी गिरने से किसान की ढाई बीघा ईख जल गई। घंटों बाद दमकल विभाग पहुंची। तब तक फसल जल चुकी थी। गांव निवासी कालू पुत्र भ्रम पाल ने बताया कि खेतों के ऊपर से हाई टेंशन लाइन गुजर रही है। सोमवार सुबह 11 बजे तारों से चिंगारी गिरने से गन्ने की फसल में आग लग गई। ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम से मुआवजे की मांग की है।