बिनौली (बागपत)।
शेखपुरा गांव की प्रधान सीमा बागड़ी की तरफ से सीएचसी अधीक्षक के खिलाफ दर्ज मुकदमा दर्ज होने पर सीएचसी बिनौली के स्वास्थ्यकर्मियों ने बाजू पर काली पट्टी बांधकर कार्य किया।
बृहस्पतिवार को सीएचसी में तैनात चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रधान सीमा बागड़ी के मुकदमे को झूठा बताते हुये कहा कि घटना के दिन अधीक्षक अतुल बंसल के पास केवल प्रधान पति ही आया था प्रधान सीमा बागड़ी नहीं आई । इस विरोध में उन्होंने अपनी बाजू पर काली पट्टी बांधकर विरोध किया और स्वास्थ्य कार्य किए। उन्होंने कहा कि अधीक्षक के खिलाफ दर्ज झूठे मुकदमे को यदि वापस नहीं लिया तो जनपद के स्वास्थ्य कर्मी आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे। विरोध करने में डॉ. अभिनव नेहरा, डॉ. आकाश, डॉ. ऐश्वर्या, डॉ. गुफरान, फार्मेसिस्ट विनोद कुमार प्रसाद, अजय धामा, अजीत धामा, पुष्पेंद्र कुमार, वीरेंद्र, मनीष, कुसुमलता, रेणु, प्रियंका, नीलम आदि रहे।
उल्लेखनीय है चार दिन पहले सीएचसी बिनौली में शेखपुरा गांव की प्रधान के पति जनेश्वर बागड़ी ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. अतुल बंसल के साथ अभद्र व्यवहार, गाली गलौच कर उन्हें मारने की धमकी दी । इस मामले में अधीक्षक ने बिनौली थाने में प्रधान के पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई । इसी दिन शेखपुरा गांव की ग्राम प्रधान सीमा बागड़ी ने भी थाने बिनौली में चिकित्सा अधीक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ और जातिसूचक शब्द कहने की रिपोर्ट दर्ज कराई । पुलिस ने प्रधान के पति जनेश्वर बागड़ी को जेल भेजा।