बागपत। सुप्रीम कोर्ट के आदेश कलक्ट्रेट परिसर में ही ताक पर रख दिए गए। कलक्ट्रेट की कैंटीन में गुटखा-तंबाकू और अन्य धूम्रपान सामग्री बेची जा रही थी। इसका खुलासा एडीएम लोकपाल सिंह की छापामारी में हुआ है। जांच टीम ने धूम्रपान सामग्री को जब्त कर लिया।
कलक्ट्रेट के मुख्य गेट के पास ही सरकारी कैंटीन है। इसका ठेका राजीव जैन के पास है। उसको खाद्य सामग्री बेचने की अनुमति मिली हुई है। उसने इसके साथ-साथ धूम्रपान सामग्री बेचना शुरू कर दिया । सुबह से शाम तक कैंटीन पर सिगरेट, बीड़ी, तंबाकू और गुटखा लेने वालों की लाइन लगी रहती थी। कुछ लोग तो कलक्ट्रेट परिसर में ही इसका सेवन करते थे। यह शिकायत उच्चाधिकारियों के पास पहुंची। इसको गंभीरता से लेकर एडीएम लोकपाल सिंह ने टीम के साथ मिलकर बृहस्पतिवार दोपहर कैंटीन में छापामारी की। इससे अफरा-तफरी मच गई। धूम्रपान का सेवन करने वाले कुछ लोग इधर-उधर खिसक गए। एडीएम ने राजीव जैन से कैंटीन में धूम्रपान सामग्री होने की जानकारी की तो उसने इंकार कर दिया। एडीएम ने खुद कैंटीन की तलाशी ली तो उसके काउंटर से काफी मात्रा में धूम्रपान सामग्री बरामद हुई। एडीएम का कहना है कि कैंटीन से छापामारी कर धूम्रपान सामग्री बरामद की गई है। उसको जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच कर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
साहब ! मीठी सुपारी के अलावा कुछ नहीं कैंटीन में
बागपत। धूम्रपान सामग्री के बारे में पूछने पर ठेकेदार राजीव जैन ने कहा कि कैंटीन में मीठी सुपारी के अलावा ऐसा कुछ भी सामान नहीं है। बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, गुटखा मिलने पर उसकी पोल खुल गई।
नहीं बिकने दी जाएगी धूम्रपान सामग्री
बागपा। एडीएम ने कहा कि धूम्रपान सामग्री पूरी तरह से प्रतिबंधित है। इसको नहीं बिकने दिया जाएगा। यदि कोई दुकानदार बेचता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।