कर्मियों की समस्याएं हल नहीं तो आंदोलन
बड़ौत (बागपत)। विद्युत मजदूर पंचायत का वार्षिक अधिवेशन शनिवार को एक्सईएन प्रथम कार्यालय परिसर में हुआ। इसमें पंचायत के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं पर मंथन किया और विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी यदि जल्द कर्मियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी उग्र आंदोलन शुरू करेेंगे।
इस अधिवेशन का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि एसई रामबीर सिंह, पंचायत के प्रदेश सचिव दिलमणि, उपमंत्री नरेश शर्मा, जिला संरक्षक ओपी सोलंकी, जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह तोमर, जिला मंत्री सुरेंद्र तोमर, बाबूराम भारद्वाज ने संयुक्त रूप से किया। इसमेें वक्ताओं ने सरकारी कार्यालयों में दलालों पर अंकुश लगाने और कर्मचारियों को सुरक्षा देने, संविदा कर्मी को सीधे डिवीजन स्तर पर मानदेय, सेवानिवृत्त कर्मियों का क्लेम शीघ्रता से देने, अवकाश के दौरान कार्यालय पर काम करने पर अतिरिक्त पैसा देने, जीपीएफ/ सीपीएफ की स्लिम दिलाने, टीजी-2 ओर अन्य फील्ड कर्मियों को गर्म और ठंडी वर्दी देने, बाहरी व्यक्तियों द्वारा शिकायत मिलने पर उसकी पहले जांच करने व बाद में कार्रवाई करने, आए दिन कर्मचारियों से कैश लूटने पर अंकुश लगाने के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों की आड़ में कार्यालय में आने वाले दलालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बातों पर मंथन किया।
जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह तोमर और जिला मंत्री सुरेंद्र तोमर ने कहा यदि कोई बाहरी व्यक्ति या दलाल या फिर कोई अधिकारी पंचायत के सदस्यों और कर्मचारियों का शोषण करते हैं तो पंचायत उसके खिलाफ आंदोलन शुरू कर देगी। बाद मेें समस्याओं के निस्तारण के लिए एसई रामबीर सिंह को ज्ञापन सौंपा। एसई रामबीर सिंह ने पंचायत के पदाधिकारियों को समस्याओं का जल्द से जल्द निदान कराने का आश्वासन दिया। इसकी अध्यक्षता ओपी सोलंकी ने की। संचालन मनोहर सिंह तोमर और सुरेंद्र तोमर ने संयुक्त रूप से की। इसमें एक्सईएन प्रथम अजय कुमार, एक्सईएन द्वितीय एसपी टांक, एसडीओ रितेश्वर बंधु, जेई टाऊन इंद्रपाल, बाबूराम भारद्वाज, धर्मपाल, खलील, प्रमोद मलिक, अंकुर जेई, पवन जेई, सुनील, सुखदेव पंवार, सतेंद्र पंवार, संजीव तोमर, वेद पाल, दिनेश, सन्नी, आलोक जेई, विकास जेई, अरुण जेई, केके त्यागी, सुमन, राधेश्याम गुप्ता, राहुल, विनय, हरेंद्र आदि रहे।