बागपत में 38 और शामली में तीन पुल के निर्माण की स्वीकृति मिली
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बागपत और शामली जनपद में जर्जर हो चुके 41 पुल का आठ करोड़ रुपये से निर्माण कराया जाएगा। सिंचाई विभाग ने बागपत में 38 व शामली में तीन पुल के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। शासन स्तर से पुल के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कर ली है। बजट मिलते ही पुल का निर्माण शुरू कराया जाएगा।
बागपत में नहर-रजबहा पर छोटे-बड़े 350 पुल हैं, इनमें अधिकांश पुल अंग्रेजी शासन काल के है, जो जर्जर हो चुके है। पूर्व में सिंचाई विभाग ने 50 लाख रुपये से 94 पुलों की मरम्मत कराई थी। सिंचाई विभाग ने जर्जरों पुल को ध्वस्त कराकर नये पुल बनवाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन ने 41 नए पुल निर्माण कराने के लिए आठ करोड़ रुपये का प्रस्ताव स्वीकृत कर लिया है। सिंचाई विभाग के एसडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि शासन ने अंग्रेजों के शासन काल के 41 जर्जर पुलों को ध्वस्त कराकर नए पुल का निर्माण कराने के लिए आठ करोड़ का बजट स्वीकृत किया है। इनमें से 38 पुल बागपत और तीन पुल शामली क्षेत्र में बनाए जाएंगे। बजट मिलते ही पुलों का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। अन्य जर्जर पुलों की मरम्मत एवं नव निर्माण कराने को प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।