संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। शहर के मोहल्ला देशराज निवासी कोल्डड्रिंक एजेंसी संचालक अमित चौहान को पानी और सोडे का ऑर्डर देने के बाद 55 हजार रुपये के भुगतान का फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर 40 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। एजेंसी संचालक ने बृहस्पतिवार को पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
शहर के देशराज मोहल्ला निवासी अमित चौहान ने बताया कि मेरठ रोड पर उनका कोल्डड्रिंक, पानी और सोडे की एजेंसी है। आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने फ़ोन करके जेल पर पानी और सोडा पहुँचाने का ऑर्डर दिया, जिसका बिल 15 हजार रुपये हुआ। उसी व्यक्ति ने ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही और भुगतान का स्क्रीनशॉट भेजा, जो 55 हजार रुपये का था। उसी व्यक्ति ने फ़ोन करके गलती से 40 हजार रुपये ज्यादा ट्रांसफर होने की बात कहकर वापस मांगे। उसने खाता चैक किए बिना ही 40 हजार रुपये भेज दिए । बाद में ऑर्डर भेजने के लिए फ़ोन किया, लेकिन उसने रिसीव नहीं किया । इसके बाद ठगी होने का पता चला । इस मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर बृजेश कुमार का कहना है कि शिकायत की जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।