पेंटिंग में शालिनी और पारुल रहीं अव्वल
बड़ौत (बागपत)। वनस्थली पब्लिक स्कूल में बृहस्पतिवार को पर्यावरण विषय पर पेंटिंग और स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें बच्चों ने अपनी कल्पना तथा विचारों को ड्राइंग सीट पर मूर्त रूप दिया। मेधावियों को ट्राफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रबंध समिति के आशीष जैन, हर्षित जैन, संजय जैन और रोहित जैन ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने से बच्चों का मानसिक व बौद्धिक विकास होता है। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना तथा कला के माध्यम से उनके विचारों को विस्तार देना है।
प्रधानाचार्य रणवीर सिंह ने बताया कि पेंटिंग में सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान शालिनी तोमर, द्वितीय स्थान दिया तोमर, तृतीय स्थान आयूषी तोमर ने प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में पारुल तोमर, प्राची तोमर, प्रीति तोमर ने प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्लोगन प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में रूबी तोमर ने प्रथम, स्वाति तोमर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में सुषमा तोमर प्रथम और मानसी तोमर द्वितीय स्थान पर रही।। कार्यक्रम में सुनील तोमर, सचिन तोमर, ऋषभ, अनुराधा, बबीता, निशा शर्मा, किरण आदि का सहयोग रहा।