बागपत। चांदीनगर थाना क्षेत्र के खट्टा प्रहलादपुर गांव निवासी गौतम पुत्र कंवर पाल ने डीएम ऋषिरेंद्र कुमार को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि गांव में 10 जनवरी को लूट हुई। गांव की पार्टीबाजी के कारण उसे झूठा फंसा दिया। गांव के कुछ लोगों के दबाव में आकर पुलिस उसे प्रताड़ित कर रही है। उसने पुलिस से बचने के लिए 24 हजार रुपये में समझौता भी कर लिया, लेकिन अब पुलिस उसके पीछे पड़ी हुई है। कहीं पर भी चोरी, लूट की घटना होती है तो पुलिस उसे उठाकर बंद कर देती है। पुलिस तीन बार बिना वजह उसका उठाकर ले गई। आरोप है कि पुलिस उससे रिश्वत भी मांगती है। चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने शोषण बंद नहीं किया तो वह गांव से परिवार सहित पलायन कर लेगी।
करंट लगने से व्यक्ति की मौत
अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। कस्बा निवासी सुनील (46) पुत्र प्रेम सिंह बिजली के बोर्ड में स्विच लगा रहा था। अचानक स्विच में करंट आ गया। करंट लगने से वह बेहोश हो गया। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
चार सटोरियों को पकड़ा
बागपत। पुलिस ने मुगलपुरा मोहल्ले से अफसर, समीर, फारूक, साबिक को सट्टा खेलते हुए गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 27 सौ रुपये बरामद हुए। सेवा उर्फ शाहिद मौके से भाग निकला। पुलिस ने चारों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर जेल भेजा।
दुकानदार को मिली जान से मारने की धमकी
बागपत। मोहल्ला केतीपुरा बगपत निवासी रामपाल ने बताया कि वह लक्ष्मण चौक पर परचून की दुकान करता है। 10 फरवरी को रात साढ़े आठ बजे दो युवक दुकान पर आए और गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी दी। इससे परिवार के लोग भयभीत है। इससे पहले भी आरोपियों ने उसके भाई कवर सैन व वीर सैन की परचून की दुकानों में लूटपाट कर जान से मारने का प्रयास कर चुके हैं। उसने एसपी शैलेश कुमार पांडेय को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।