बड़ौत (बागपत)। गन्ना विकास परिषद बड़ौली रोड पर अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे किसानों को जब परिषद के कार्यालय पर ताला पड़ा मिला तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि एक ओर सामान्य प्रजाति के गन्ने की पर्चियां नहीं दी जा रही है, जब समिति पर आते हैं तो अधिकारी नहीं मिलता या गेट बंद मिलता है।
बुधवार को मलकपुर चीनी मिल से जुडे़ किसान गन्ना विकास परिषद मलकपुर पहुंचे तो वहां ताला बंद था। काफी समय बाद भी ताला नहीं खुला तो उनमें आक्रोश उत्पन्न हो गया। किसानों का कहना था कि उन्हें सामान्य प्रजाति की पर्चियां नहीं दी जा रही हैं। गन्ना खेतों में खड़ा है और गेहूं बुआई का संकट खड़ा हो गया है। काफी समय बाद सचिव सचिन वहां पर पहुंचे और ताला खुलवाया। उनका कहना था कि समिति के भवन मालिक से किराये को लेकर विवाद चल रहा है, इसलिए गेट बंद किया हुआ था। प्रदर्शन करने वालों में अजय, रामवीर, यशवीर, संजीव, रामकली, विपिन पूनिया, नरेंद्र, राजकुमार आदि रहे।