बागपत। विकास भवन सभागार में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा 2018’ अभियान का सीडीओ पीसी जायसवाल ने शुभारंभ किया। इस दौरान ग्राम प्रधान और स्वच्छता ग्रही मौजूद रहे। उन्हें अभियान के से अवगत कराया और स्वच्छता की शपथ दिलाई।
सीडीओ ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा 2018’ 15 सितंबर से दो अक्तूबर चलेगा। स्वच्छता ही सेवा अभियान के दौरान जनपद स्तर एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित कर स्वच्छता को जन आंदोलन बनाएंगे। स्वच्छता ही सेवा अभियान का उद्देश्य गांधी जी की जयंती पर स्वच्छता के सपने को साकार किया जाना है। वृहद स्तर पर जागरूकता एवं सहभागिता से सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, सार्वजनिक स्थानों साफ सफाई कराई जाएगी। अभियान के अंतर्गत रैली, पैदल यात्रा, नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता रथ, वाद विवाद प्रतियोगिता, दीवार लेखन, लोक संगीत, पोस्टर, हैंडबिल एवं ओडीएफ गौरव यात्रा गतिविधियों का आयोजन किया जाना है। जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु जनपद स्तरीय अधिकारियों को विकास खंडवार प्रभारी तथा संबंधित ब्लॉक के बीडीओ को नोडल अधिकारी नामित किया। इस दौरान ग्राम प्रधान और स्वच्छता ग्रही को क्षेत्रों में स्वच्छता लाने की शपथ दिलाई । जिले के प्रधान और सभी स्वच्छता ग्रही मौजूद रहे।