बागपत। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर मवी कलां कट के पास मिनी टोल प्लाजा पर लूट करने वाले गिरोह के सरगना पंकज शर्मा ने पुलिस को चकमा देकर सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। इस मामले में छह आरोपियों को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब भी एक आरोपी फरार है।
नौ सितंबर की रात साढ़े 11 बजे एक्सप्रेस-वे पर मवी कलां कट के पास बने मिनी टोल प्लाजा पर खेकड़ा के आठ बदमाशों ने हजारों रुपये की नगदी लूट ली थी। विरोध करने पर टोल कर्मियों के साथ मारपीट की थी और फायरिंग करते हुए भाग निकले थे। इस मामले में टोल प्लाजा के सुरक्षा मैनेजर गौरव पुत्र अनिल कुमार निवासी सोनीपत हरियाणा से कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस टीम ने पांच घंटे में ही छह लुटेरों सौरभ यादव पुत्र बलराम सिंह यादव, नितिन यादव पुत्र रामटेक यादव, अंकुर पुत्र प्रकाश सिंह, नितिन पुत्र सुदेश शर्मा, मोहित पुत्र कालू, अनुभव यादव पुत्र साहब सिंह निवासीगण खेकड़ा को काठा रोड से गिरफ्तार कर लिया। जबकि गिरोह का सरगना पंकज शर्मा व अमित यादव निवासी खेकड़ा फरार होने में सफल रहे थे। गैंग लीडर पंकज शर्मा ने पुलिस को चकमा देकर बृहस्पतिवार को सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इस मामले में अब आरोपी अमित यादव फरार है। पुलिस आरोपी पंकज शर्मा को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।