फैजपुर निनाना गांव के सतेंद्र हत्याकांड में फरार चल रहे मलकपुर के पिंटू ने पुलिस को चकमा देकर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट से उसे जेल भेजा। इस मामले में अब तीन आरोपी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के घर पर कुर्की के नोटिस चस्पा किए हैं।
फैजपुर निनाना गांव निवासी किसान सतेंद्र की 16 मई को नैथला मोड़ पर उस समय गोली मारकर हत्या कर दी, जब वह अपने भाई की हत्या के मामले में न्यायालय से पैरवी कर घर लौट रहा था। हत्यारोपियों ने मृतक के भाई रविंद्र उर्फ पप्पू की भी पिटाई की। इस मामले में मृतक के बेटे दीपक कुमार ने रणवीर, ब्रह्म सिंह, प्रियव्रत निवासीगण बिहारीपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई । इस मामले में पुलिस जांच में अजय पुत्र हरबीर निवासी लोयन, सुनील पुत्र सुरेंद्र और पिंटू पुत्र भोपाल निवासी मलकपुर के नाम प्रकाश में आए। पुलिस ने अजय और सुनील को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया। इस मामले में अन्य आरोपी फरार चल रहे है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के घरों पर कुर्की के नोटिस चस्पा किए। इस मामले में सोमवार को आरोपी पिंटू ने पुलिस को चकमा देकर सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। अब तीन आरोपी फरार हैं। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।