मवी कलां में युवक ने धारदार हथियार से हमला
बागपत। मवीकलां गांव में बृहस्पतिवार रात खेत से घर लौट रहे युवक पर चार नकाबपोश युवकों ने धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर ग्रामीणों को आता देख हमलावर भाग निकले। घायल ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
मवीकलां गांव निवासी सुपिन ने बताया कि बृहस्पतिवार रात नौ बजे के लगभग वह खेत की जुताई कर ट्रैक्टर से घर लौट रहा था। रास्ते में चार नकाबपोश युवकों ने उसे रोक लिया और उसे पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर ग्रामीण दौड़े तो हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। घायल ने भागते समय एक युवक को पहचान लिया। परिजनों के साथ घायल कोतवाली पहुंचा और मेहरद्दीन सहित चार युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। सुपिन ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह उसका मेहरुद्दीन से मामूली विवाद हो गया था। इसके चलते ही उस पर हमला किया गया। बाद में परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर इंस्पेक्टर का घेराव किया और कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि युवक की तहरीर पर आरोपी युवकों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई गई है। आरोपी मेहरुद्दीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस मौके पर रिछपाल सिंह, हेमंत कुमार, बादल, अंकित, मोनू, उत्तम, प्रहलाद, रामावतार चेयरमैन, राजकुमार, संजय आदि शामिल रहे।