बिनौली (बागपत)। खंड विकास मुख्यालय बिनौली परिसर में बुधवार को बिनौली ब्लॉक के प्रधानों ने बैठक की। इसमें उन्होंने जिला मुख्यालय बागपत पर शेखपुरा की प्रधान सीमा बागड़ी के पक्ष में होने वाले धरने को स्थगित कर दिया है। उन्होंने इस संबंध में संगठन के पदाधिकारियों से वार्ता के बाद ही आगे की कार्रवाई करने का निर्णय लिया है।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों शेखपुरा गांव की प्रधान के पति जनेश्वर बागड़ी ने सीएचसी अधीक्षक बिनौली के साथ अभद्रता की । इस संबंध में अधीक्षक ने बिनौली थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई । पुलिस ने प्रधान के पति को जेल भेजा। इसी दिन ग्राम प्रधान सीमा बागड़ी ने भी बिनौली थाने में अधीक्षक अतुल बंसल के खिलाफ जातिसूचक शब्द कहने व छेड़छाड़ करने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया ।
प्रधान सीमा बागड़ी को न्याय दिलाने के लिए राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन बागपत के तत्वावधान में जनपद के प्रधान शेखपुरा की प्रधान सीमा बागड़ी के समर्थन में उतर आए। इस मामले में उन्होंने जनपद मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का निर्णय लिया । इस संबंध में बिनौली ब्लॉक के प्रधानों ने ब्लॉक बिनौली पर बैठक की। इसमें संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष प्रधान संजय चौधरी ने बताया कि शेखपुरा गांव की प्रधान सीमा बागड़ी के पक्ष में जिला मुख्यालय बागपत पर आज से शुरू होने वाले प्रधानों के धरने को स्थगित किया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई संगठन के जिलाध्यक्ष रामपाल धामा व अन्य पदाधिकारियों से वार्ता करने के बाद होगी। इसमें जिला महासचिव शैलेंद्र ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष विकास, आदित्य सोलंकी, भारतवीर सिंह, विपिन त्यागी, मलखान भड़ाना, विनोद कुमार, बॉबी पंडित आदि रहे।