14 स्थानों पर बनेंगे यात्री शेड, 13 लाख जारी
बागपत। सांसद निधि से जिले के 14 स्थानों पर बनने वाले यात्री शेड के लिए 13 लाख रुपये की प्रथम किश्त अवमुक्त कर दी गई है। जिले में यात्री शेड न होने के कारण लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसकी शिकायत लोगों ने केंद्रीय मानव विकास संसाधन राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह से की थी। उन्होंने यात्री शेड के लिए 14 स्थानों को चिह्नित किया, जिसके निर्माण के लिए प्रथम किस्त जारी कर दी गई है।
परियोजना निदेशक एमएल पटेल ने कार्यदायी संस्था अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को निर्देशित किया है कि कार्य के निर्माण में धनराशि अन्य कार्य पर व्यय नहीं की जाएगी। अवमुक्त धनराशि से अधिक की देयता सृजित न की जाए। 60 प्रतिशत व्यय के बाद अगली किश्त की मांग कार्य के रंगीन फोटोग्राफ सहित की जा सकती है। दिव्यांजनों के लिए रैंप का निर्माण जरूर कराया जाएगा। कार्य प्रारंभ होने से पहले अवगत कराया जाएगा। निर्माण के उपरांत यात्री शेड संबंधित ग्राम पंचायत को हस्तांतरित किया जाए। पीडी ने बताया कि 14 स्थानों पर बनने वाले यात्री शेड के लिए प्रथम किश्त 13 लाख रुपये अवमुक्त हुई है। जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।
------------
इन जगहों पर बनेंगे यात्री शेड
कोताना में मुख्य बस स्टैंड, बड़ौत में बिनौली बस स्टैंड, वाजिदपुर में मुख्य बस स्टैंड, लोयन मलकपुर मुख्य बस स्टैंड, बिजरौल में शाहमल इंटर कॉलेज, नंगला में शबगा-छपरौली रोड पर, टांडा में अड्डे पर, बरनावा बस स्टैंड पर, कैडवा में टी प्वाइंट पर, पुसार में अड्ड़े पर, भागोट में मुख्य बस स्टैंड पर, रटौल बिजली घर के सामने, ढिकौली में बंथला रोड पर, पुरा गांव में मंदिर के पास यात्री शेड बनेंगे।