बड़ौत (बागपत) ।
बड़ौली गांव में रालोद सैनिक प्रकोष्ठ की बैठक हुई। इसमें ओमपाल सिंह बड़ौली को प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया। इस मौके पर प्रगतिशील किसानों को यूरिया खाद भेंट कर सम्मानित भी किया।
इसमें रालोद सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल ब्रहमपाल सिंह का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस मौके पर कर्नल ब्रह्मपाल तोमर ने कहा कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के चार जजों की ओर से देश के प्रधान न्यायाधीश के खिलाफ उठाए मुद्दे बेहद चिंताजनक हैं। जजों ने जिस प्रकार से लोकतंत्र के लिए खतरे की बात की, उससे पूरा देश सुप्रीम कोर्ट की तरफ देख रहा है। उन्होंने सीबीआई जज जस्टिस लोया की हत्या की जांच सुप्रीम कोर्ट के सर्वोच्च स्तर से करवाने और न्यायिक परंपरा और नियमों से इतर मुकदमों को मनमाफिक बैंच में भेजे जाने पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की है। इस मौके पर कर्नल तोमर ने पूर्व सैनिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने पेंशन विसंगतियों के निराकरण, वन रैंक वन पेंशन के निर्धारण, पीपीओ दिलवाने में सहायता करने व ड्राफ्ट पार्ट टू आर्डर सोल्जर बोर्ड के माध्यम से अपडेट करवाने का वायदा किया।
इस मौके पर उन्होंने प्रशासन से एक्स सर्विस मैन हेल्थ कन्ट्रिब्यूटरी स्कीम (ईसीएचएस) पॉलीक्लीनिक के लिए जगह के आवंटन, जिला मुख्यालय पर सैनिक विश्राम ग्रह तथा सोल्जर बोर्ड के लिए अलग भवन व पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति की मांग रखी। उन्होंने ओमप्रकाश बड़ौली को रालोद सैनिक प्रकोष्ठ बागपत का अध्यक्ष मनोनीत किया। बैठक में सैनिक प्रकोष्ठ ने गांव के दर्जनों प्रगतिशील किसानों को यूरिया खाद भेंट कर सम्मानित भी किया । अध्यक्षता वीरपाल सिंह दांगी ने की और संचालन सोमपाल सिंह ने किया। इसमें जिला संयोजक मास्टर सुरेश राणा, मंडल उपाध्यक्ष सत्यब्रहम तोमर, पूर्व जिला अध्यक्ष युवा रालोद मनोज तोमर, मंडल संयोजक आई टी प्रकोष्ठ विकास सिंह भैंसा, बड़ौत नगर अध्यक्ष शौदान सिंह, चौधरी रजत सिंह बेधड़क आदि ने विचार व्यक्त किए। इसमें पूर्व प्रधान सोहन पाल, हरबीर सिंह, श्याम सिंह, चौधरी विरेंद्र सिंह, चौधरी महेंद्र सिंह, चौधरी ब्रहम सिंह, महक सिंह, रामपाल सिंह, राजपाल सिंह, राजबीर सिंह आदि रहे।