बड़ौत (बागपत)।
अशरफाबाद थल गांव की हरिजन बस्ती को नववर्ष पर रास्ते की सौगात मिल गई। शुक्रवार को ग्राम सचिव ने रास्ते का निर्माण कार्य शुरू कराया।
उल्लेखनीय है पिछले 15 साल से अशरफाबाद थल गांव की हरिजन बस्ती के लोग रास्ते के लिए तरस रहे थे, क्योंकि बस्ती में जाने वाला मैन रास्ता हर समय गंदगी से अटा पड़ा रहता था। बिन बरसात के ही रास्ते मेें दो से तीन फुट तक गंदा पानी भरा रहता था। आए दिन लोगों की भैंसा बुग्गी भी रास्ते में बने कीचड़ में फंसी रहती थी। इतना ही नहीं बस्ती के हर वर्ग को गंदगी भरे जाने से होकर गुजरना पड़ता था। बार-बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। कुछ दिन पहले अमर उजाला ने बस्ती वासियों की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो ब्लाक अफसरों सहित प्रशासनिक अफसरों में हड़कंप मच गया।
शुक्रवार को बीडीओ प्रेमचंद के निर्देश पर गांव पहुंचे ग्राम सचिव सतीश ने ग्राम प्रधान जुल्ला चौधरी से बातचीत की और रास्ते का निरीक्षण किया। लोगों की समस्या की हकीकत जानते ही ग्राम सचिव ने तत्काल प्रभाव से रास्ते पर मिट्टी और ईट-पत्थर डलवाकर कार्य शुरू करा दिया। इस संबंध मेें सचिव सतीश ने कहा गांव की हरिजन बस्ती में रास्ता वर्षों से खराब था। फिलहाल रास्ता निर्माण के लिए कार्य शुरू करा दिया गया है। रास्ते के निर्माण में कई लाख रुपये की लागत आएगी। रास्ता निर्माण का कार्य शुरू होते ही ग्रामीणों मेें हर्ष की लहर दौड़ गई और उन्होंने बस्ती की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित करने पर अमर उजाला का आभार जताया।