दोघट (बागपत)। नगर पंचायत दोघट में पहली बोर्ड बैठक पुलिस सुरक्षा के बीच हुई। इसमें तीन करोड़ रुपये से कस्बे में कराने वाले विकास कार्यों के प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई। बोर्ड बैठक में एलईडी लाइटों से कस्बा चमकेगा।
नगर पंचायत दोघट अध्यक्ष बबीता देवी और ईओ सूर्य प्रकाश के संचालन में हुई बोर्ड बैठक में नगर पंचायत दोघट में वर्तमान माह के विकास कार्य के लिए 14वें वित आयोग के अंतर्गत उपलब्ध धनराशि से शासनादेशानुसार आवश्यक कार्य चिह्नित कर प्रस्ताव स्वीकृति के लिए जिलाधिकारी को भेजे जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया। नगर के विकास के लिए पंडित दीनदयाल नया सवेरा नगर विकास योजना, कान्हा पशु आश्रम योजना, तालाब पोखरों के सुंदरीकरण योजना, नगरीय सड़क सुधार योजना, जल निकासी योजना के अंतर्गत जनहित के आवश्यक कार्यों का चयन कर धनराशि प्राप्त करने के लिए शासन को भेजने का निर्णय लिया। इसके अलावा नगर की मार्ग व्यवस्था सुदृढ़ करने, नगर में खराब लाइटों की मरम्मत और नई एलईडी लाइटों का प्रस्ताव, पेयजल व्यवस्था, खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत एवं रिबोर, नगर की जल निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए नगर में नाला निर्माण के साथ साथ आवश्यक संसाधनों द्वारा जल निकासी की व्यवस्था कराने, वार्ड नंबर 10 पट्टी तिरौसिया में स्थित सामुदायिक भवन, चौपाल के ऊपर हाल, फर्श आदि का निर्माण कार्य, नगर की समुचित सफाई व्यवस्था, सफाई कर्मियों के लिए आवश्यक सफाई उपकरण क्रय करने आदि के लिए तीन करोड़ रुपये के प्रस्ताव पारित किए। इसमें वरिष्ठ लिपिक विनोद कुमार, नगर पंचायत सदस्य घरभरी, सतीश पंवार, इरफान, सुनीता, अमित, पूनम, संजीव, शाकिर, रतन सिंह, बिजेंद्र, रामकली आदि रहे।