बड़ौत (बागपत)।
नगर में सोमवार को हुई ईट भट्ठा निर्माता एसोसिएशन की बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष पर कुछ लोगों द्वारा लगाए जा रहे झूठे आरोप को लेकर आक्रोश जताया गया। बैठक में सर्वसम्मत्ति से निर्णय लिया गया कि यदि जल्द ही अध्यक्ष पर झूठे आरोप लगाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह प्रधान व संचालन कुशलवीर सिंह ने किया। वक्ताओं का कहना था कि एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह राणा पर कुछ लोगों द्वारा लगाए जा रहे आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं। वे हमेशा एसोसिएशन के पदाधिकारियों व सदस्यों के हितों में काम करने वाले हैं। लेकिन, कुछ लोग उनकी छवि खराब करना चाहते हैं। इसे बर्दास्त नहीं किया जाएगा। जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह प्रधान ने बताया कि एक दिसंबर को बड़ौत में होने वाले जिला स्तरीय सम्मेलन में ईट भट्ठा निर्माताओं को हो रही परेशानियों पर मंथन किया जाएगा। साथ ही इस मामले में उक्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में ब्रजपाल, जयवीर सिंह, रूपेश तोमर, किरणपाल सिंह, वेदपाल सिंह, ओमपाल, रणवीर सिंह, तेजपाल, पप्पू, विपिन, राजपाल शर्मा, कंवरपाल, कर्ण सिंह आदि शामिल रहे।