बागपत। गांगनौली गांव के किसानों का आरोप है कि रमाला चीनी मिल ने उनका गन्ना लेने से इंकार कर दिया । पूर्व विधायक वीरपाल राठी के नेतृत्व में किसान कलक्ट्रेट पहुंचे। डीएम से मिलकर शिकायत की। गन्ने की व्यवस्था नहीं की तो आंदोलन की चेतावनी दी।
शनिवार को गांगनौली गांव के किसान कलक्ट्रेट पहुंचे। पूर्व विधायक वीरपाल राठी ने बताया पहले गांव में भैंसाना मिल का क्रय केंद्र लगा हुआ था, तब किसानों को कोई परेशानी नहीं होती थी। सही प्रकार से गन्ना पहुंचाया जा रहा था। नई गन्ना नीति से क्रय केंद्र इधर-उधर कर दिए हैं। गांव में रमाला मिल का तौल केंद्र बनाया , लेकिन मिल ने गन्ना लेने से इंकार कर दिया है। इससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गन्ना सूखता जा रहा है, जिससे नुकसान पहुंचेगा। गेहूं की बुवाई का समय निकलता जा रहा है। मिल को चले एक माह बीत गया है, क्षेत्र के कृषकों की समस्या का समाधान नहीं
हो रहा है। उन्होंने कहा जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक डीएम दफ्तर से नहीं उठेंगे। उन्होंने कहा किसी भी मिल को गन्ना दिया जाए, पर उनकी समस्या का समाधान करना चाहिए। हंगामा बढ़ा तो डीएम अपने दफ्तर से उठकर चले गए। डीसीओ को मौके पर बुलाया । डीसीओ सुशील कुमार ने कहा किसानों की शिकायत की जांच करा रहे हैं। इसमें ओमबीर ढाका, संजीव राठी, चांदवीर, जसवीर, सतेंद्र राठी, रामवीर, वीरेंद्र सिंह, जसवीर प्रमुख, सुरेश पाल, पिंटू, रविंद्र, कृष्ण आदि रहे।
किनौनी मिल से भुगतान दिलाने की मांग
बागपत। मलकपुर गन्ना समिति के डायरेक्टर कुलवीर धामा के नेतृत्व में किसान डीएम से मिले। बताया कि किनौनी मिल को गन्ना सप्लाई करते थे। 2016-17 का गन्ना भुगतान 20 मार्च तक ही किया । आगे का भुगतान नहीं किया जा रहा है। जबकि अन्य समिति का भुगतान कर दिया । उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। किसानों ने डीएम से कार्रवाई की मांग की। इसमें रामफल, राजपाल धामा, देवेंद्र धामा, सुरेंद्र सिंह, महक सिंह, श्याम सिंह, राकेश कुमार आदि रहे।