बागपत। स्थानीय निकाय चुनाव के दूसरे दिन नाम निर्देशन पत्र लेने की रफ्तार सुस्त रही। किभी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया। अब तक अध्यक्ष और सदस्य पद के 338 नाम निर्देशन पत्र लिए गए हैं। बड़ौत से सभासद पद के एक उम्मीदवर ने ही अब तक अपना नामांकन फार्म जमा किया है। एसडीएम विवेक कुमार यादव ने बताया कि व्यवस्था का निरीक्षण किया। चुनाव में जुटे कर्मचारियों को पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए गए।
रविवार को दावेदारों ने बागपत पालिका के अध्यक्ष पद के सात और 17 फार्म सभासदों के लिए प्राप्त किए। अग्रवाल मंडी टटीरी नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के पांच और सभासद के लिए 13 दावेदारों ने फार्म लिए। अमीनगर सराय नगर पंचायत के वार्ड नौ के लिए एक फार्म खरीदा गया, वहीं अध्यक्ष पद के लिए कोई भी प्रत्याशी या उनका समर्थक फार्म लेने नहीं पहुंचा। तहसील परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। नाम निर्देशन पत्र लेने पहुंचे दावेदारों और समर्थकों की वीडियोग्राफी कराई । एसडीएम विवेक कुमार यादव ने बताया कि आठ निकाय के लिए अभी तक 338 नामांकन फार्म लिए जा चुके हैं, इनमें से सिर्फ बड़ौत के एक सभासद के प्रत्याशी ने ही अपना नामांकन जमा किया है।
बागपत पालिका
पालिका अध्यक्ष पद के लिए अन्नू जैन, विकास जैन, अमित जैन, अब्दुल वाहिद, मनोज वर्मा, इसरार अहमद, राजेंद्र प्रसाद ने नामांकन फार्म लिया।
अग्रवाल मंडी टटीरी
अध्यक्ष पद के लिए रितेश देवी, जितेंद्र कुमार, श्याम सिंह, ऋषि, डॉ. विनोद कुमार ने नामांकन फार्म लिया।
बिना बताए अफसरों ने जिला छोड़ा तो खैर नहीं
बागपत। डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने निर्देश जारी कि स्थानीय निकाय चुनाव प्रक्रिया के मद्देनजर कोई भी कर्मचारी जिला मुख्यालय न छोड़ें। कुछ अफसर और कर्मचारी ऐसे हैं जो बाहर से अप डाउन करते हैं और बिना जानकारी दिए घर चले जाते हैं। ऐसे कर्मचारी बगैर जानकारी दिए मुख्यालय नहीं छोडे़ंगे। सभी विभागों के अफसरों को पत्र जारी कर दिया गया है।
बड़ौत में अध्यक्ष पद के लिए नौ नामांकन फार्म लिए
बड़ौत। स्थानीय निकाय चुनाव के नामांकन के दूसरे दिन नामांकन फार्म लिए गए। बड़ौत नगर पालिका परिषद पद के लिए अध्यक्ष पद पर तीन फार्म लिए गए। रालोद प्रत्याशी अश्वनी तोमर के नाम से दो और सलीम चौधरी के नाम से एक फार्म लिया गया। वहीं सभासद पद के लिए 37 प्रत्याशियों ने फार्म लिए। अब तक सभासद पद के लिए 106 फार्म बिक्री हो चुके हैं। वहीं छपरौली नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए दो फार्म लिए गए। तीन फार्म सभासद पद के लिए तहसील से लिए गए। टीकरी में अध्यक्ष पद के चार फार्म लिए गए, जबकि सभासद के लिए पांच फार्म लिए गए। दोघट नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए किसी ने अब तक फार्म नहीं लिया। एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी ने नामांकन और नाम निर्देशन पत्र दिए जाने का निरीक्षण किया।
सदस्य पद के लिए 11 फार्म लिए
खेकड़ा। नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन रविवार को केवल सभासद पद के लिये विभिन्न वार्डों हेतु 11 नामांकन फार्म लिए गए। एसडीएम आशीष कुमार एवं तहसीलदार जसधीर सिंह की देखरेख में प्रक्रिया पूरी की गई।
जल्द घोषित करेंगे प्रत्याशी
बागपत। आम आदमी पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। पालिका परिषद बड़ौत से सतीश तोमर को चेयरमैन का उम्मीदवार घोषित किया गया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयोजक सोमेंद्र ढाका ने बताया कि अन्य प्रत्याशी जल्द घोषित किए जाएंगे। जिला संयोजक ओमवीर सिंह, मांगेराम, सचिन शर्मा, संजीव तोमर, संजीव कुमार, शहजाद, सतीश तोमर, शिवकुमार मलिक, रवि शर्मा मौजूद रहे।
बगैर अनुमति पूर्व विधायक ने की सभा, नोटिस
बड़ौत। पूर्व विधायक साहब सिंह के अपनी पत्नी मिथलेश को पालिका चुनाव लड़ाने की चर्चाओं पर विराम लग गया। वीर स्मारक इंटर कॉलेज में रालोद नेता एकत्र हुए। पूर्व विधायक चौधरी साहब सिंह ने कहा कि वह सर्वसम्मति से फैसला किया गया है, वह चुनाव नहीं लड़ेंगे। उधर, बगैर अनुमति के सभा करने पर प्रशासन ने पूर्व विधायक एवं रालोद प्रवक्ता को नोटिस जारी किया है।
रविवार को आयोजित सभा में तय किया गया कि चौधरी अजित सिंह ने प्रत्याशी अश्वनी तोमर को बनाया है, इसलिए अब उन्हें ही चुनाव लड़ाया जाएगा। पूर्व विधायक डॉ. अजय तोमर, चौधरी जाहिद हसन, जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रदीप सिंह ने विचार रखें। अध्यक्षता हाजी मोहम्मद उमर और संचालन डॉ. इरफान मलिक ने किया। इसमें डॉ. अब्बास, हाजी जमीरूद्दीन अब्बासी, चौधरी अकरम, हाजी समेद्दीन, प्रवीन जैन, सपन जैन, आदेश जैन, अमित जैन, प्रशांत भारद्वाज, राकेश शर्मा, अनमोल गुप्ता, देशपाल भाटी, जसवीर चेयरमैन, सुबोध राणा और विनोद खेड़ा उपस्थित रहे। उधर, एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी ने बताया कि सभा की कोई अनुमति नहीं ली गई। नोटिस भेजकर ीजवाब मांगा गया है।
सपा ने बांटे सिंबल
बड़ौत। सपा जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी एवं जिला महासचिव डॉ. शकील ने बड़ौत नगर पालिका से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार नूर मोहम्मद मलिक और वार्ड नंबर 10 से सभासद पद के उम्मीदवार डॉ. इरफान अली को पार्टी का सिंबल दिए। सपा नेता ओमवीर तोमर, शौकेंद्र पहलवान, गुलजार मनव्वर, पुनीत शर्मा, वकील मलिक, यासीन मलिक, वाजिद अली, रियासत, राहुल जैन, आशीष जैन उपस्थित रहे।